सिलीगुड़ी, 5 सितंबर (नि.सं.)। जेल से बाहर आने के महज कुछ दिनों बाद ही दोबारा चोरी के आरोप में माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने पीयूष साहा नामक एक युवक को गिरफ्तार किया है। माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने शुक्रवार देर रात विश्वास कॉलोनी इलाके में अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी हुआ टैब भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर को खुदीरामपल्ली इलाके के एक घर से टैब चोरी हुआ था। शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई और सुराग के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि पीयूष को इससे पहले 10 अगस्त को मोबाइल चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था और करीब 16 दिन जेल में रहने के बाद वह बाहर आया था। अब दोबारा चोरी के आरोप में उसकी गिरफ्तारी हुई है। आरोपी को शनिवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस अन्य चोरी की घटनाओं में उसकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।





