सिलीगुड़ी, 7 दिसंबर (नि.सं)। चटाई को काट कर सीक्रेट चेंबर से मादक तस्करी के नये रास्ते का प्रधान नगर थाना की सफेद पोशाक पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम जरीप शेख है। वह मुर्शिदाबाद का निवासी बताया गया है। बीते कल शाम गुप्त सूत्रों से मिली खबर के आधार पर पुलिस ने अभियान चलाते हुए जंक्शन इलाके में एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने उसके पास मौजूद चटाई बैग की तलाशी ली। चटाई को खोलते ही पुलिस के होश उड़ गए। दरअसल,चटाई को बेहद सफाई से काटकर उसके भीतर एक सीक्रेट चेंबर बनाया गया था। जहां से पुलिस ने 10 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद किया। जिसके बाद युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। आज आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। गांजा तस्करी के इस नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। यह पता लगाने के लिए पुलिस आगे की जांच कर रही है।
