सिलीगुड़ी, 16 अगस्त (नि.सं.)। परीक्षा केंद्रों से चोरी हुए 58 जैमर बरामद करने के साथ माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विश्वजीत राय और निखिल साह के रूप में हुई है। दोनों माटीगाड़ा इलाके के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त 2026 को एक गैर-सरकारी संस्थान की ओर से माटीगाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि परीक्षा केंद्रों से कुल 58 जैमर चोरी हो गए हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान सफेद पोशाक पुलिस टीम ने इलाके में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ चोरी हुए जैमर के संबंध में जानकारी जुटाई। इसी क्रम में पुलिस को आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए विश्वजीत राय और निखिल साह को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी हुए सभी 58 जैमर बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को रविवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने उन्हें रिमांड पर लिया है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि जैमर चोरी करने के पीछे उनका उद्देश्य क्या था। साथ ही, चोरी की वारदात में इनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। मामले की जांच जारी है।





