सिलीगुड़ी, 16 अगस्त (नि.सं.)। एनजेपी के नेताजी मोड़ इलाके में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक वृद्धा की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, वृद्धा सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान एक तेल टैंकर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गई और टैंकर के पहिए के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एनजेपी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर हालत में वृद्धा को बरामद कर उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। हालांकि, पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल तेल टैंकर को जब्त कर थाने ले गई है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।





