सिलीगुड़ी, 5 सितंबर (नि.सं.)। शहर के विधान रोड स्थित डॉली इन होटल की छत पर कथित रूप से बिना अनुमति कॉन्फ्रेंस हॉल बनाने का मामला सामने आया है। शनिवार को सिलीगुड़ी नगर निगम, खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की एनफोर्समेंट ब्रांच की संयुक्त टीम ने होटल में अभियान चलाया। इसी दौरान छत पर बने कॉन्फ्रेंस हॉल को लेकर मामला सामने आया।
आरोप है कि सिलीगुड़ी नगर निगम से स्वीकृत प्लान के बिना होटल की छत पर उक्त निर्माण कराया गया है। मामले को लेकर नगर निगम के कमिश्नर वीर विक्रम राय ने होटल प्रबंधन से बातचीत की है। उन्होंने बताया कि निर्माण नियमों के तहत किया गया है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि यदि निर्माण नियमों के विरुद्ध पाया जाता है, तो सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
वहीं, शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भी होटल में जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई मियाद पूरी हो चुके खाद्य पदार्थ बरामद किए गए, जिन्हें विभाग ने जब्त कर लिया है।





