खोरीबाड़ी, 9 दिसंबर (नि.सं)। खोरीबाड़ी थाने की पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर पानीटंकी में एक महिला ड्रग डीलर को उसके घर से गिरफ्तार किया है। महिला ड्रग डीलर का नाम सादिका खातून है। महिला के घर के टॉयलेट के सब-टैंक से 306 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया है। सूत्रों के अनुसार, खोरीबाड़ी थाने की पुलिस ने देर रात गुप्त सूचना मिलने के बाद पानीटंकी के गोंडोगोल इलाके में सादिका खातून के घर पर अभियान चलाया। इस दौरान महिला ड्रग डीलर के घर के टॉयलेट के सब-टैंक से तीन पैकेट में कुल 306 ग्राम ड्रग्स बरामद हुआ। जिसके बाद महिला को NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार महिला लंबे समय से ड्रग्स की तस्करी में शामिल थी। गिरफ्तार महिला को आज सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने महिला के साथ शामिल लोगों की तलाश शुरू कर दी है।
