फूलबाड़ी, 22 नवंबर (नि.सं.)। काम पर साइकिल से जा रहे एक व्यक्ति को मालवाहक वाहन ने टक्कर मार दी है। हादसे में साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गए है। घटना रविवार सुबह सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर फूलबाड़ी के अमाईदीघी इलाके में हुई है। घायल व्यक्ति की पहचान फांसीदेवा ब्लॉक के रहमजोत निवासी गौरांग बर्मन के रूप में हुई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह गौरांग बर्मन साइकिल से फूलबाड़ी की ओर से जोटियाकाली जा रहे थे। इसी दौरान एक बड़े मालवाहक वाहन के साथ उनकी टक्कर हो गई। वाहन की टक्कर से वह साइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही फूलबाड़ी हाईवे ट्रैफिक आउटपोस्ट और न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को बरामद कर उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेजा गया। वहीं, पुलिस ने दुर्घटना में शामिल मालवाहक वाहन को जब्त कर लिया है। हादसा कैसे हुआ इसकी जांच की जा रही है।




