सिलीगुड़ी, 24 अक्टूबर (नि.सं.)। शहर में ट्रैफिक जाम, पार्किंग की समस्या और फुटपाथों पर अतिक्रमण को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन सक्रिय होने जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार सुबह राज्य के मंत्री एवं सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष ने विधान मार्केट का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ पुलिस कमिश्नर, नगर निगम आयुक्त समेत प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बाजार के बुनियादी ढांचे, सड़कों और पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद मंत्री ने बताया कि शहर की पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने और बस स्टैंडों का उचित उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा। विधान मार्केट और सेठ श्रीलाल मार्केट में दुकानों के सामने सड़क पर अतिरिक्त दुकानें लगाने, फुटपाथ पर अतिक्रमण करने और अस्थायी ढांचे बनाकर रखने के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि पहले व्यापारी संगठनों के साथ बैठक कर उनसे सहयोग की अपील की जाएगी। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। दुर्गा पूजा, काली पूजा और दीपावली के मद्देनजर फिलहाल जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। नवंबर के बाद योजनाओं को लागू करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
उन्होंने बताया कि हाशमी चौक, सेवक मोड़ और एयरव्यू मोड़ जैसे महत्वपूर्ण इलाकों में टोटो और ऑटो द्वारा सड़क पर खड़े होकर यात्रियों को चढ़ाने-उतारने के कारण जाम की समस्या पैदा हो रही है। इसके समाधान के लिए ट्रैफिक पुलिस सर्वे करेगी और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। कुछ इलाकों में सड़कों को चौड़ा करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है।
वहीं, शहर में तेज और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाओं पर चिंता जताते हुए मंत्री ने झंकार मोड़ पर हुए हादसे में दो लोगों की मौत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रैश ड्राइविंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के बाइक या स्कूटी चलाते पाए जाने पर पहले उनके परिवार को चेतावनी दी जाएगी। इसके बाद जरूरत के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्कूलों में भी यातायात नियमों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।





