निरीक्षण के दौरान पूजा पंडालों के बांस से बने गेट जल्द हटाने, विसर्जन के दौरान सामने आई अव्यवस्थाओं को दूर करने और शहर की पार्किंग व्यवस्था में सुधार पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने पूजा समाप्त होने के बाद सभी पूजा कमेटियों को जल्द से जल्द गेट हटाने का निर्देश दिया। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर लगे होर्डिंग और बैनर भी हटाने को कहा गया है।
वहीं, प्रतिमा विसर्जन के दौरान सामने आई कई अनियमितताओं पर भी मंत्री ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि कुछ वाहनों में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने और चालकों के वाहन चलाने के लिए उपयुक्त स्थिति में नहीं होने जैसी समस्याएं सामने आई। एक क्लब की प्रतिमा विसर्जन के दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि नगर निगम के कर्मचारियों को हस्तक्षेप कर किसी तरह विसर्जन की व्यवस्था करनी पड़ी। मंत्री ने बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पूजा कमेटियों के साथ बातचीत की जाएगी।





