सिलीगुड़ी, 22 नवंबर (नि.सं.)। उत्तर बंगाल के लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब सिलीगुड़ी से सीधे सरकारी बस से नदिया जिले के नवद्वीप स्थित मायापुर इस्कॉन मंदिर पहुंचा जा सकेगा। यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) की ओर से सिलीगुड़ी-मायापुर सीधी बस सेवा शुरू की गई है। रविवार को सिलीगुड़ी इस्कॉन मंदिर के सामने राज्य के वित्त एवं परिवहन विभाग के राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन ने इस नई बस सेवा का औपचारिक उद्घाटन किया।
गौरतलब है कि अब तक सिलीगुड़ी से मायापुर जाने के लिए कोई सीधी सरकारी बस सेवा उपलब्ध नहीं थी। इस नई पहल से श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। अब उन्हें सिलीगुड़ी से मायापुर तक सीधे बस से यात्रा करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा, बालुरघाट से भी नियमित रूप से मायापुर के लिए एक बस चलाई जाएगी।
राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन ने बताया कि लंबे समय से सिलीगुड़ी से मायापुर के बीच सीधी बस सेवा की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। विशेष रूप से मायापुर स्थित इस्कॉन मंदिर के दर्शन के लिए नियमित रूप से जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है।




