राजगंज, 7 जनवरी (नि.सं.)। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की आड़ में देर रात राजगंज के पानीकौरी मोड़ इलाके में एक के बाद एक चार दुकानों में चोरी की घटना सामने आई है। यह इलाका सिलीगुड़ी–जलपाईगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो देखा कि कई दुकानों के ताले टूटे हुए हैं। चोरों ने रतन देवनाथ की किराने की दुकान, झड़ू देवनाथ की चाय-बिस्कुट की दुकान, राजीव राई की जनरल व लॉटरी की दुकान और बसुमती राय की चाय की दुकान को निशाना बनाया है।
दुकानदारों का आरोप है कि हर दुकान से कुछ सामान के साथ-साथ कैश बॉक्स में रखी नगद रकम भी चोरी हो गई है। पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि वे सभी गरीब और मेहनत-मजदूरी करके रोजी-रोटी चलाने वाले लोग है। दुकानों में कोई खास कीमती सामान नहीं था, लेकिन रोज की कमाई से जमा की गई रकम चोरी हो जाने से वे गंभीर आर्थिक संकट में पड़ गए है।
एक ही रात में एक ही जगह चार दुकानों में चोरी की घटना से स्थानीय व्यापारी काफी डरे हुए है। उन्होंने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और रात की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की है।
