जलपाईगुड़ी, 3 अप्रैल (नि.सं.)। सास की हत्या कर दामाद ने शव का सिर झाड़ियों में छिपा दिया था। जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने की पुलिस ने वृद्धा का सिर और हत्या में इस्तेमाल हथियार घटना के 5 दिनों के भीतर बरामद कर लिया है।
बताया जा रहा है कि पिछले शनिवार जलपाईगुड़ी के बहादुर ग्राम पंचायत के बानिज्येर हाट इलाके से समीजा खातून नाम की एक वृद्धा का सिर कटा शव बरामद हुआ था। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने वृद्धा के दामाद अलामिन हक को गिरफ्तार किया। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया, जहां पूछताछ के दौरान उसने हत्या की बात कबूल कर ली। साथ ही उसने छिपाकर रखे गए सिर और हत्या में इस्तेमाल हथियार की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को साथ लेकर तलाशी अभियान चलाया और वृद्धा का कटा हुआ सिर तथा हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया।
