सिलीगुड़ी,15 अप्रैल (नि.सं.)। 200 रुपये के लिए अपने दोस्त की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप एक व्यक्ति के खिलाफ उठे है। यह घटना सोमवार रात सिलीगुड़ी संलग्न पोराझार इलाके में हुई है। मृतक की पहचान सजल कर्मकार 48 के रूप में हुई है। वह पेशे से श्रमिक था।
दूसरी ओर, आरोपी की पहचान मंटू बर्मन के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अुनसार सजल कर्मकार ने आरोपी से कुछ रूपए उधार लिए थे। शेष राशि चुकाने के बाद भी 200 रुपए का भुगतान करना बाकी रह गया था। सोमवार की रात को दोनों के बीच शराब के नशे में रूपए को लेकर झगड़ा हो गया। उसी समय मंटू बर्मन ने सजल कर्मकार पर चाकू से हमला कर दिया।
इसके बाद उसे बरामद कर उत्तरबंग मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में मृतक की बेटी शुक्ला साहा ने एनजेपी थाने में मंटू बर्मन के खिलाफ एक लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही एनजेपी थाने की पुलिस ने घटना की जांच शुरू की और आरोपी मंटू बर्मन को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को आज जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।