मालदा से सिलीगुड़ी में ब्राउन शुगर की तस्करी की योजना विफल, 3 गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 20 फरवरी (नि.सं)। एसओजी और भक्तिनगर थाना की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर मालदा से सिलीगुड़ी में होने वाली लाखों रुपये की ब्राउन शुगर की तस्करी की योजना को विफल करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम मालदा निवासी जयहेदुल्ला मोमिन, रामगंज निवासी इफतारूल और भानुनगर का रहने वाला राम कुमार मंडल बताया गया है।जानकारी के अनुसार बीते कल गुप्त सूत्रों से खबर मिलने के बाद एसओजी ने भक्तिनगर थाना की सफेद पोशाक की पुलिस के साथ इंदिरा गांधी मैदान इलाके में अभियान चलाया। इस दौरान तीन लोगों को संदेह के आधार पर पकड़ कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपियों के एक बैंग के अंदर से 451 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। जिसके बाद पुलिस ने मादक तस्करी के आरोप में तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार जयहेदुल्ला मोमिन और इफतारूल सिक्किम नंबर की बाइक से इंदिरा गांधी मैदान के पास भानुनगर के रहने वाले राम कुमार मंडल को डिलीवरी देने पहुंचा था। लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने तीनों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आज तीनों आरोपियों को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *