नए साल के दिन बंगाल सफारी पार्क में 6600 पर्यटकों का हुआ आगमन, नहीं टूट सका पिछले साल का रिकॉर्ड

सिलीगुड़ी, 2 जनवरी (नि.सं.)। नव वर्ष 2026 के पहले दिन उत्तर बंगाल के बंगाल सफारी पार्क में पर्यटकों की जबरदस्त भीड़ उमड़ पड़ी। जानकारी के अनुसार साल के पहले ही दिन 6600 से अधिक पर्यटक पार्क पहुंचे और जंगल सफारी का भरपूर आनंद लिया। चारों ओर पर्यटकों की चहल-पहल से पार्क गुलजार नजर आया। नव वर्ष के मौके पर बंगाल सफारी पार्क ने 10 लाख रुपये की कमाई की है। लेकिन भारी भीड़ और बेहतर शुरुआत के बावजूद पार्क पिछले वर्ष के नव वर्ष की 11 लाख रुपये से ज्यादा की कमाई का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सका। हालांकि, क्रिसमस के दौरान बढ़ी पर्यटकों की संख्या को देखते हुए पार्क प्रबंधन को उम्मीद थी कि नव वर्ष के दिन कमाई का नया रिकॉर्ड बनेगा।


लेकिन उम्मीदों के मुताबिक परिणाम सामने नहीं आया। इससे साफ है कि पर्यटकों की संख्या बढ़ने के बावजूद इस वर्ष प्रति पर्यटक औसत कमाई में गिरावट दर्ज की गई है। बंगाल सफारी पार्क के निदेशक ई. विजय कुमार ने बताया कि क्रिसमस और नव वर्ष दोनों दिन पार्क के लिए काफी अच्छे रहे। उन्होंने कहा नव वर्ष को लेकर हमें रिकॉर्ड कमाई की उम्मीद थी। इस बार 10 लाख रुपये की कमाई हुई। लेकिन पिछले साल का रिकॉर्ड नहीं टूट पाया।

उत्तर बंगाल का एकमात्र सफारी पार्क होने के कारण नव वर्ष के दिन पार्क में दूर-दराज से लोग पहुंचे। पर्यटकों ने जंगली जानवरों का दीदार किया और परिवार व दोस्तों के साथ नए साल की शुरुआत को यादगार बनाया। पर्यटकों की भारी भीड़ से प्रबंधन खुश जरूर है। लेकिन कमाई में आई गिरावट से प्रबंधन पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए नई योजना तैयार करने पर विचार कर रही है। ई विजय कुमार ने बताया कि आने वाले दिनों में बंगाल सफारी पार्क में नये मेहमान को देखने के लिए पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *