भाजपा समेत अन्य दलों को छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए बड़ी संख्या में समर्थक

राजगंज,15 जनवरी (नि.सं.)। भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों को छोड़कर बड़ी संख्या में समर्थकों ने तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। बुधवार को राजगंज ब्लॉक के सुखानी अंचल तृणमूल कांग्रेस की ओर से महानपाड़ा मैदान में एक भव्य जॉइनिंग सभा का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत क्षेत्र के लगभग 110 भाजपा एवं अन्य दलों के समर्थकों ने तृणमूल कांग्रेस में औपचारिक रूप से शामिल होकर पार्टी का दामन थामा। उन्हें राजगंज के विधायक खगेश्वर राय ने पार्टी का झंडा सौंपकर स्वागत किया।


सभा में राजगंज ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष अरिंदम बनर्जी, राजगंज ब्लॉक महिला तृणमूल कांग्रेस की सभानेत्री सर्वानी धारा, ब्लॉक युवा अध्यक्ष नीलाद्रि बोस, राजू साहनी, फरजान अली सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

इस अवसर पर राजगंज ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष अरिंदम बनर्जी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस की ‘उन्नयन संवाद यात्रा’ कार्यक्रम चल रही है। सुखानी ग्राम पंचायत के विभिन्न बूथों में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद महानपाड़ा मैदान में इस जॉइनिंग सभा का आयोजन किया गया। तृणमूल कांग्रेस की विकासमूलक योजनाओं और कार्यों से प्रेरित होकर विभिन्न दलों के लोग लगातार पार्टी में शामिल हो रहे हैं। इस दिन लगभग 110 लोगों ने तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ली और आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पार्टी में शामिल होने की संभावना है। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *