फांसीदेवा, 6 मार्च(नि.सं)। फांसीदेवा ब्लॉक के घोषपाड़ा मोड़ इलाके में एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान बाप्पा सिंह और छटका घोष के रूप में हुई है। दोनों घोषपाड़ा के पास कालाराम जोत इलाके के निवासी थे।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तीन युवक एक स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेल टैंकर से उनकी सीधी टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही रंगापानी चौकी और फांसीदेवा थाने की बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।
