सिलीगुड़ी: छात्र हत्या मामले में पेशी के दौरान मुख्य आरोपी पर हमला, अदालत परिसर में हंगामा

सिलीगुड़ी, 11 फरवरी (नि.सं.)। त्रिकोण प्रेम प्रसंग को लेकर माटीगाड़ा में छात्र सुभोजीत मोदक हत्याकांड के मुख्य आरोपी काजल पासवान उर्फ राजा को बुधवार को माटीगाड़ा थाने की पुलिस सिलीगुड़ी अदालत में पेश करने लाई।न्यायाधीश के समक्ष पेशी के दौरान मृतक सुभोजीत के परिजनों ने अचानक आरोपी पर हमला कर दिया। हालांकि कोर्ट परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को भीड़ से बचाकर सुरक्षित लॉकअप में पहुंचा दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिलीगुड़ी थाना के आईसी के निर्देश पर कोर्ट परिसर में भारी संख्या में रैफ और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्थिति को नियंत्रित किया गया।
कुछ समय के लिए कोर्ट परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। मृतक के परिजनों ने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस द्वारा समझाने के बावजूद परिजन प्रदर्शन करते रहे। बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप कर उन्हें कोर्ट परिसर से बाहर कराया।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपी काजल पासवान को न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने मामले की पहली सुनवाई करते हुए आरोपी को 5 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजने का निर्देश दिया है। पुलिस पूरे हत्याकांड की गंभीरता से जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *