सिलीगुड़ी,11 फरवरी (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के सालबाड़ी इलाके स्थित एक निजी संस्थान पर रातों-रात खुद को वोकेशनल सेंटर में बदलने का आरोप लगा है। इस घटना के विरोध में बुधवार को छात्रों ने सिलीगुड़ी अदालत परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि संस्थान की मान्यता और वैधता को लेकर लंबे समय से संदेह बना हुआ था। अचानक संस्थान का नाम बदलकर उसे वोकेशनल सेंटर घोषित कर दिया गया, जिससे छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। छात्रों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और प्रभावित विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग की है।
इस मामले में अधिवक्ता वंदना राय ने आरोप लगाया कि शिक्षा के नाम पर इस तरह की कई फर्जी संस्थाएं धोखाधड़ी कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पूरे मामले की विस्तृत जांच बेहद जरूरी है।
