फांसीदेवा,16 मई (नि.सं.)। फांसीदेवा पुलिस ने असम में तस्करी करने से पहले 23 भैंसों को बरामद किया है। साथ ही इस मामले दो लोगों को भी गिरफ्तार किया है। आज फांसीदेवा पुलिस ने मोहम्मद बक्स मोड़ पर एक लॉरी को जब्त किया। इसके बाद तलाशी के दौरान लॉरी से 23 भैंसें बरामद की गई। घटना में लॉरी के चालक व सहायक चालक को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बरामद भैंसों को तस्करी के उद्देश्य से असम ले जाया जा रहा था। गिरफ्तार किए गए लोगों में बिहार निवासी सचिन यादव और उत्तर दिनाजपुर के ग्वालपुकुर इलाके निवासी सुबल लाल कर्मकार शामिल हैं। आज दोनों को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया है।
