बागडोगरा, 10 मई (नि.सं.)। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक बांग्लादेशी पूर्व खुफिया एजेंट को सेनावाहिनी के कैंप संलग्न इलाके से गिरफ्तार किया गया है। व्यक्ति का नाम अशरफुल आलम है। वह बांग्लादेश के रंगपुर जिले के बदरगछ इलाके का रहने वाला है। मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने बागडोगरा एमएम तराई इलाके में उसे इधर-उधर घूमते देखा।
इसके बाद इसकी जानकारी बैंगडुबी सेना छावनी को दी गई। खबर मिलते ही सेनावाहिनी के 5 एफओडी जवानों ने बांग्लादेशी को हिरासत में लिया। बाद में उसे बागडोगरा पुलिस को सौंप दिया गया। संदेह बढ़ रहा है क्योंकि गिरफ्तार व्यक्ति ने खुद को बांग्लादेशी खुफिया एजेंट बताया है। बताया गया है कि वह छह माह पहले बांग्लादेश में राजशाही सीमा के रास्ते नदी पार कर अवैध रूप से भारत में घुसा था। पुलिस को व्यक्ति के पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला। आज पुलिस उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी।