बागडोगरा, 15 जनवरी (नि.सं.)। सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट अंतर्गत माटीगाड़ा के पालपाड़ा मोड़ पर स्थित बालासन सब-ट्रैफिक गार्ड के नये कार्यालय का आज पुलिस कमिश्नर सी सुधाकर ने उद्घाटन किया। इस दौरान सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिप्टी पुलिस कमिश्नर हेड क्वार्टर तन्मय सरकार, डिप्टी पुलिस कमिश्नर राकेश सिंह, डिप्टी पुलिस कमिश्नर ट्रैफिक काजी शम्सुद्दीन अहमद, एडीसीपी पुर्णिमा शेर्पा सहित ट्रैफिक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। आज पुलिस कमिश्नर सी. सुधाकर ने फीता काटकर नए भवन का शुभारंभ किया। जानकारी के अनुसार इस कार्यालय से माटीगाड़ा थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग सहित आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया जाएगा। आज उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान स्थानीय बच्चों के बीच स्कूल बैग भी वितरित किए गए। साथ ही जरूरतमंद लोगों को कंबल प्रदान किए गए। इसके अलावा रक्तदान शिविर का भी आयोजन हुआ। जिसमें पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
