फांसीदेवा, 3 अप्रैल(नि.सं.)। फांसीदेवा के बिजलिमनी चाय बागान में प्रचार के दौरान भाजपा के अंदरूनी असंतोष खुलकर सामने आ गया। सांसद राजू बिष्ट के सामने ही पार्टी के मंडल उपाध्यक्ष संतोष कुमार झा ने विधायक के खिलाफ नाराजगी जाहिर किया।
जानकारी के मुताबिक, सांसद राजू बिष्ट जब चाय बागान में प्रचार के लिए पहुंचे, तब संतोष कुमार झा ने हाथ जोड़कर उनसे शिकायत की कि क्षेत्र के विधायक ने कोई काम नहीं किया और आम लोगों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्घटना के समय भी विधायक की ओर से कोई सहयोग नहीं मिला है।
वहीं, इस पर पलटवार करते हुए भाजपा उम्मीदवार दुर्गा मुर्मू ने कहा कि उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और सांसद इस बात को समझ चुके है। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार आम लोग यह नहीं समझ पाते कि विधायक क्या विकास कार्य कर सकते है।
इस घटना को लेकर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस के कोऑर्डिनेटर काजल घोष ने कटाक्ष करते हुए कहा कि ऐसा होना तय था। उन्होंने दावा किया कि कई भाजपा नेता उनके संपर्क में है। उनकी पार्टी साल के 365 दिन लोगों के साथ रहती है, इसलिए उनके खिलाफ इस तरह की नाराजगी नहीं दिखती।
