नक्सलबाड़ी, 6 अक्टूबर (नि.सं.)। चाय श्रमिकों के बोनस की मांग को लेकर मंगलवार को सीटू और भाजपा समर्थित संगठन भारतीय टी वर्कर्स यूनियन के नेतृत्व में विरोध मार्च निकाला गया। मुख्यमंत्री के निर्देश के बावजूद चाय बागान प्रबंधन द्वारा बोनस का भुगतान नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए नक्सलबाड़ी चाय बागान के श्रमिकों ने प्रदर्शन किया। श्रमिकों के बोनस की मांग को लेकर दोनों संगठनों ने नक्सलबाड़ी के राज्य मार्ग पर विरोध प्रदर्शन किया।
संगठनों का कहना है कि यह किसी राजनीतिक दल के समर्थन में नहीं, बल्कि श्रमिकों के हित में किया गया आंदोलन है। इस संबंध में नक्सलबाड़ी थाने और बीडीओ कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया। साथ ही श्रम विभाग, सांसद और श्रम मंत्री को भी पत्र भेजने की जानकारी संगठनों की ओर से दी गई।