जानकारी के अनुसार, राजगंज के फाटापुकुर होल्डिंग सेंटर से रविवार सुबह एक रोहिंग्या युवक के फरार होने की घटना सामने आई। शौच जाने के नाम पर सेंटर से बाहर निकलने के बाद वह सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर दीवार फांदकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और उसकी तलाश शुरू कर दी गई।
पकड़े गए युवक की पहचान म्यांमार निवासी मोहम्मद सलाम के रूप में हुई है। बताया गया है कि 20 सितंबर को न्यू जलपाईगुड़ी इलाके से चार लोगों के एक समूह को हिरासत में लिया गया था। बाद में सभी को फाटापुकुर होल्डिंग सेंटर में रखा गया था।
सलाम के फरार होने के बाद संभावित रास्तों पर विभिन्न इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया। स्निफर डॉग की मदद से भी खोजबीन की गई। लंबे तलाशी अभियान के बाद होल्डिंग सेंटर से करीब एक किलोमीटर दूर पानीकौरी मोड़ के पास एक चाय बागान में उसका पता चला, जहां से उसे पकड़ लिया गया।
घटना के बाद फाटापुकुर होल्डिंग सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। हिरासत में रखा व्यक्ति सुरक्षा घेरे को पार कर दीवार फांदकर कैसे फरार हुआ, इसकी जांच की जा रही है। सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही हुई थी या नहीं, इस पहलू की भी जांच की जा रही है।





