फुलबाड़ी, 6 अक्टूबर (नि.सं.)। फुलबाड़ी के पुटिमारी इलाके में कल्वर्ट के नीचे तेंदुआ दिखाई देने की खबर से दहशत फैल गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक महिला ने तेंदुए को करीब से देखा है। महिला का दावा है कि तेंदुआ वहां से छलांग लगाकर चला गया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय निवासी पुलिन सोरेन ने बताया कि उन्होंने खुद तेंदुए को नहीं देखा, लेकिन वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में तलाशी अभियान चलाया। वन कर्मियों ने तेंदुए को बाहर निकालने के लिए पटाखे भी फोड़े।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुटिमारी इलाके में इससे पहले कभी तेंदुआ नहीं देखा गया है। आशंका है कि तेंदुआ आसपास के बागान या किसी गड्ढे में छिपा हो सकता है। इससे रात में आवाजाही और बच्चों की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से जल्द तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़कर सुरक्षित स्थान पर ले जाने की मांग की है।





