सिलीगुड़ी, 31 अक्टूबर (नि.सं.)। लक्ष्मी पूजा के दिन घर से सोने के गहने चोरी होने के संदेह में छोटे भाई की पत्नी पर जानलेवा हमला करने के आरोप में महिला थाने की पुलिस ने बड़े भाई को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तम मंडल (40) के रूप में हुई है। वह कावाखाली का निवासी बताया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, लक्ष्मी पूजा के दिन उत्तम मंडल के घर से सोने के गहने चोरी हो गए थे। आरोप है कि चोरी के शक में उसने अपने छोटे भाई की पत्नी के साथ मारपीट की और उसकी जान लेने की कोशिश की। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे इलाज के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बताया गया है कि स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद पीड़िता ने महिला थाने पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार रात उत्तम मंडल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश के आरोप में मामला दर्ज किया है। शनिवार को उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





