सिलीगुड़ी, 31 अक्टूबर (नि.सं.)। नाबालिग साली के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने के गंभीर आरोप में प्रधान नगर थाना पुलिस ने उसके जीजा को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू मुंडा (22) के रूप में हुई है। वह अलीपुरद्वार का निवासी बताया गया है। पीड़िता करीब सात महीने की गर्भवती है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गत 4 अक्टूबर को पीड़िता के पिता ने प्रधान नगर थाने में अपने दामाद के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ससुराल में रहने के दौरान आरोपी ने अपनी नाबालिग साली के साथ कई बार दुष्कर्म किया। इसके कारण वह गर्भवती हो गई। परिवार को इस बात की जानकारी गत 1 अक्टूबर को मिली, जिसके बाद पीड़िता के पिता ने पुलिस से शिकायत की।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी फरार हो गया है। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया गया। आखिरकार पुलिस ने बीती रात अलीपुरद्वार से उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सिलीगुड़ी लाया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। शनिवार को उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





