सिलीगुड़ी, 31 अक्टूबर (नि.सं.)। दीपावली के त्योहार में अब कुछ ही दिन शेष हैं। रोशनी के इस पर्व के स्वागत की तैयारियां घरों से लेकर बाजारों तक शुरू हो गई हैं। घरों के आंगन, छत और बालकनी से लेकर दुकानों और सड़कों को सजाने के लिए लोग तरह-तरह की लाइटें खरीद रहे हैं। त्योहार को लेकर सिलीगुड़ी के विभिन्न बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है।
दीपावली को ध्यान में रखते हुए दुकानदारों ने सजावटी लाइटों की कई किस्में बाजार में उतारी हैं। एलईडी लाइट, टुनी बल्ब, इलेक्ट्रिक दीये, मोमबत्तियां और लेजर लाइट सहित कई तरह के सामान उपलब्ध हैं। विदेशी उत्पादों के साथ देशी सजावटी सामान भी ग्राहकों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानदारों ने अलग-अलग रंगों, डिजाइन और आकार की लाइटें सजाकर रखी हैं।
सिलीगुड़ी के विधान मार्केट, हांगकांग मार्केट और हॉकर्स कॉर्नर सहित शहर के विभिन्न बाजारों में सजावटी लाइटों की खरीदारी शुरू हो गई है। यहां थोक और खुदरा दोनों तरह के बाजारों में अलग-अलग कीमतों पर सामान उपलब्ध हैं। एलईडी टुनी बल्ब की कीमत करीब 40 रुपये से शुरू हो रही है।
बाजार में रंग-बिरंगी एलईडी स्ट्रिप, स्टार डिजाइन वाली लाइट और आकर्षक टुनी बल्ब की भी अच्छी मांग है। जहां कई लोग घरों को सजाने के लिए आधुनिक इलेक्ट्रिक लाइटें पसंद कर रहे हैं, वहीं परंपरा को बनाए रखने के लिए मिट्टी के दीये और मोमबत्तियां खरीदने वालों की भी कमी नहीं है।
बाजारों में सजावटी लाइटों की विविधता से ग्राहक भी उत्साहित हैं। अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी के लिए लोग दुकानों का चक्कर लगा रहे हैं। कारोबारियों का अनुमान है कि दीपावली नजदीक आने के साथ बाजारों में ग्राहकों की भीड़ और बिक्री दोनों बढ़ेंगी।





