सिलीगुड़ी, 15 मार्च (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के दार्जिलिंग मोड़ इलाके में अभियान चलाकर ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई प्रधान नगर थाने की पुलिस ने की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, संदिग्ध तरीके से घूमते हुए देखे जाने पर दोनों युवकों को रोका गया और उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 300 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार युवकों के नाम एमडी सद्दाम और राजा महतो बताए गए है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार मूल्य करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि दोनों युवक मालदा से सिलीगुड़ी आए थे। दार्जिलिंग मोड़ पर उतरने के बाद वहां से एक छोटी गाड़ी में सवार होकर झंकार मोड़ जाने की योजना थी। लेकिन उससे पहले ही गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रधान नगर थाने की सादा पोशाक की पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस तस्करी गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल है।
