सिलीगुड़ी में घर से चल रहे ड्रग्स कारोबार का पर्दाफाश, महिला गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 2 अप्रैल (नि.सं.)। माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने एक बड़े मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान फिरोजा बेगम (41) के रूप में हुई है, जो विश्वास कॉलोनी की निवासी बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर सादे कपड़ों में पुलिस टीम ने विशेष अभियान चलाया। जांच में पता चला कि आरोपी अपने घर से ही ब्राउन शुगर की खरीद-फरोख्त का अवैध कारोबार चला रही थी और उसका घर नशे का अड्डा बन चुका था।
सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस पिछले 24 घंटे से आरोपी पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान जब वह घर के बाहर ब्राउन शुगर बेचने के लिए खड़ी थी, तभी पुलिस ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से करीब 101 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित बाजार मूल्य लाखों रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है। साथ ही, मामले की गहन जांच के लिए पुलिस ने उसकी रिमांड की मांग की है। पुलिस पुरे मामले की जांच कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *