सिलीगुड़ी, 20 नवंबर (नि.सं.)। शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन बसों के परिचालन और पार्किंग व्यवस्था में बदलाव की तैयारी कर रहा है। सिलीगुड़ी के व्यस्ततम इलाकों में शामिल सेवक मोड़ पर निर्धारित बस स्टॉप बनाने की योजना है। इसी सिलसिले में गुरुवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
फिलहाल सेवक रोड के विभिन्न महत्वपूर्ण चौराहों पर बसें कहीं भी खड़ी कर यात्रियों को उतारने और चढ़ाने का काम करती हैं। इसके कारण रोजाना जाम की समस्या उत्पन्न होती है। इससे आम राहगीरों के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सिर्फ बसें ही नहीं, बल्कि शहर के विभिन्न इलाकों में टोटो, ऑटो और अन्य छोटे वाहनों द्वारा निर्धारित स्टॉपेज के बजाय कहीं भी यात्रियों को उतारने-चढ़ाने तथा बेतरतीब पार्किंग के कारण भी ट्रैफिक समस्या बढ़ रही है।
इसी समस्या को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने की पहल की है। सेवक मोड़ पर संभावित बस स्टॉप बनाने की योजना का जायजा लेने के लिए एसीपी समेत पुलिस प्रशासन और एसडीओ कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर बसों के रुकने, यात्रियों के चढ़ने-उतरने और पार्किंग के लिए संभावित स्थानों का निरीक्षण किया। प्रशासन की यह योजना लागू होने पर सेवक मोड़ और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।





