सिलीगुड़ी, 20 नवंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के डाबग्राम इलाके में 23 वर्षीय युवती की रहस्यमयी मौत को लेकर सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान तानिशा घोष के रूप में हुई है। घटना सिलीगुड़ी नगर निगम के 23 नंबर वार्ड की है।
जानकारी के अनुसार, डाबग्राम निवासी हारान घोष की बेटी तानिशा लंबे समय से मानसिक बीमारी से जूझ रही थी। बताया जा रहा है कि वह अक्सर घर से बाहर चली जाती थी। परिवार की ओर से उसका इलाज कराने के लिए कई जगह प्रयास किए गए, लेकिन कोई खास सुधार नहीं हुआ। परिजनों के मुताबिक, इस वजह से घर में अक्सर विवाद भी होता रहता था।
गुरुवार रात करीब 9 बजे तानिशा की दादी गौरी घोष कमरे में पहुंची तो उन्होंने उसे बिस्तर पर बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने दूसरे कमरे में मौजूद तानिशा के बड़े भाई दीपंकर को बुलाया। दीपंकर ने देखा कि उसकी बहन के हाथ-पैर ठंडे पड़ चुके थे और मुंह से झाग निकल रहा था। आनन-फानन में उसे सिलीगुड़ी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, तानिशा की मौत के बाद उसकी मां दीपशिखा घोष के घर छोड़कर चले जाने का दावा परिवार की ओर से किया गया है। मृतका की दादी गौरी घोष ने आशंका जताई है कि तकिये से मुंह दबाकर तानिशा की हत्या की गई हो सकती है। उन्होंने इस मामले में उसकी मां पर भी संदेह जताया है। हालांकि, युवती की मौत के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
परिजनों की शिकायत के आधार पर सिलीगुड़ी थाने की पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।




