सिलीगुड़ी, 19 नवंबर (नि.सं.)। पूजा सीजन खत्म होते ही सिलीगुड़ी शहर की सड़कों की मरम्मत के काम में तेजी लाई जाएगी। शहर की जर्जर सड़कों को लेकर लंबे समय से मिल रही नागरिकों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए सिलीगुड़ी नगर निगम ने करीब 32 से 33 करोड़ रुपये की लागत से कुल 58 सड़कों की मरम्मत कराने की योजना बनाई है। अगले 7 से 10 दिनों के भीतर काम शुरू होने की संभावना है। पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
गुरुवार को सिलीगुड़ी नगर निगम में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में मंत्री शंकर घोष ने बताया कि सड़क मरम्मत का काम जल्द शुरू किया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से अधिकांश सड़कों के लिए मंजूरी और धनराशि आवंटित कर दी गई है। वहीं, उत्तर बंगाल विकास विभाग की ओर से भी कई सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी।
इस दौरान मंत्री ने सड़क मरम्मत के अलावा नगर निगम में बिल्डिंग प्लान की मंजूरी, पार्किंग व्यवस्था और राजस्व वसूली को लेकर भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाने की जानकारी दी।
उन्होंने विशेष रूप से बिना टेंडर पार्किंग शुल्क वसूले जाने के मुद्दे पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही। मंत्री ने स्पष्ट किया कि पार्किंग व्यवस्था नियमों के तहत संचालित होनी चाहिए और नगर निगम के राजस्व संग्रह में पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है।
इसके अलावा शहरवासियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन टैक्स भुगतान पोर्टल शुरू करने की भी घोषणा की गई। इसके माध्यम से लोग आसानी से अपने विभिन्न बकाया करों का भुगतान कर सकेंगे।




