कोलकाता: हनीमून मनाने पहाड़ों पर गई नवविवाहिता निकिता साहा के लिए खुशियों का सफर एक दर्दनाक हादसे में बदल गया था। बारबेक्यू की आग में बुरी तरह झुलसने के बाद करीब दो महीने तक जिंदगी और मौत से जूझने वाली निकिता ने गुरुवार तड़के दम तोड़ दिया है। उनके शरीर का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा जल गया था। उनकी मौत की खबर से परिवार और परिचितों में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, बीते 13 सितंबर को नवदंपति सौविक दास और निकिता साहा हनीमून मनाने शिटोंग गए थे। वहां दोनों एक होमस्टे में ठहरे हुए थे। शाम के समय होमस्टे में बारबेक्यू का आयोजन किया गया था। आरोप है कि इसी दौरान होमस्टे के एक कर्मचारी ने बारबेक्यू की आग में थिनर डाल दिया, जिससे अचानक आग भड़क उठी और निकिता उसकी चपेट में आ गई।
इस हादसे में निकिता का शरीर करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गया। शुरुआत में उनका इलाज सिलीगुड़ी में कराया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें कोलकाता ले जाया गया, जहां बांगुर अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था।
करीब चार दिन पहले उनकी हालत और बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें वहां से एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद गुरुवार तड़के उनकी मौत हो गई।
निकिता की मौत के बाद शिटोंग स्थित संबंधित होमस्टे और वहां की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर चर्चा में आ गई है। गौरतलब है कि इस घटना के बाद पुलिस होमस्टे के मालिक और कर्मचारियों समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।



