सिलीगुड़ी, 18 नवंबर। (नि.सं.) पारिवारिक विवाद के चलते एक मकान में अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। एक भाई की शिकायत के आधार पर जांच में जुटे सिलीगुड़ी नगर निगम के अधिकारियों ने मकान के विभिन्न हिस्सों में निर्माण संबंधी कई अनियमितताएं पाई। इसके बाद नियमानुसार नोटिस जारी कर बुधवार को नगर निगम की ओर से अवैध निर्माण तोड़ने की कार्रवाई की गई। यह घटना सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड क्षेत्र अंतर्गत हाकिमपाड़ा के रासबिहारी सरणी इलाके की है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, उक्त मकान में तीन भाई रहते हैं। पिछले काफी समय से दो भाइयों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान मकान के निर्माण को लेकर भी सवाल उठने लगे। एक भाई ने दूसरे भाई पर बिना अनुमति अवैध रूप से निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए नगर निगम में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत मिलने के बाद नगर निगम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मकान से संबंधित दस्तावेजों और स्वीकृत बिल्डिंग प्लान की जांच शुरू की। जांच के दौरान अधिकारियों को मकान के कई हिस्सों में अनियमितताएं मिली। आरोप है कि मकान के सामने से लेकर पीछे तक कई जगहों पर स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण कराया गया था।
इसके बाद नगर निगम की ओर से मकान मालिकों को नियमानुसार नोटिस जारी किया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अवैध निर्माण तोड़ने का अभियान शुरू किया। इस दौरान मकान के सामने और पीछे समेत विभिन्न हिस्सों में स्वीकृत बिल्डिंग प्लान के विपरीत किए गए निर्माण को तोड़ा गया। सुबह से ही नगर निगम की यह कार्रवाई जारी रही।





