सिलीगुड़ी, 17 नवंबर (नि.सं.)। पिता के कंधों पर देश की सीमाओं की रक्षा की जिम्मेदारी है, तो बेटी ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराकर परिवार और पूरे उत्तर बंगाल का नाम रोशन किया है। सिलीगुड़ी के बैकुंठपुर पल्ली की रहने वाली निहारिका बर्मन की सफलता की कहानी आत्मविश्वास, मेहनत और दृढ़ संकल्प की मिसाल बन गई है।
हरियाणा के गुरुग्राम में आयोजित दूसरे संस्करण के ‘मिस यूनिवर्सल इंडिया 2026’ प्रतियोगिता में विजेता बनकर निहारिका ने राजवंशी समाज के साथ-साथ पूरे उत्तर बंगाल को गौरवान्वित किया है।
बीते 31 अक्टूबर को गुरुग्राम में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से चुनी गई 21 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। कड़े मुकाबले के बाद निहारिका के सिर पर विजेता का ताज सजा। हालांकि, इस मुकाम तक पहुंचने का उसका सफर आसान नहीं रहा।
निहारिका की रुचि स्कूल के दिनों से ही मॉडलिंग में थी। छठी कक्षा में पढ़ाई के दौरान स्कूल की ओर से सिलीगुड़ी के दागापुर में आयोजित ‘बंगाल नेक्स्ट टॉप मॉडल’ शो में उसने हिस्सा लिया था। इस प्रतियोगिता में वह टॉप-8 में जगह बनाने में सफल रही थी। इसके बाद पढ़ाई और अन्य कारणों से लंबे समय तक वह मॉडलिंग की दुनिया से दूर रही।
इस साल मई में दोस्तों के प्रोत्साहन और प्रेरणा से उसने एक बार फिर मॉडलिंग की दुनिया में वापसी की। इसके बाद ‘मिस नॉर्थ बंगाल’ प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, राज्यस्तरीय चयन प्रक्रिया में सफलता प्राप्त करने के बाद उसे राष्ट्रीय मंच पर पश्चिम बंगाल का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला।
निहारिका सिलीगुड़ी नगर निगम के 41 नंबर वार्ड के सेवक रोड स्थित आईटीआई मोड़ के पास बैकुंठपुर पल्ली की रहने वाली है। उसके पिता सत्येन जय बर्मन एसएसबी जवान हैं। अपनी पेशेवर जिम्मेदारियों के कारण उन्हें साल का अधिकांश समय देश की सीमा पर बिताना पड़ता है। वहीं, निहारिका की परवरिश, पढ़ाई और उसके सपनों को पूरा करने में मां तापसी बर्मन की अहम भूमिका रही है। फिलहाल निहारिका सिलीगुड़ी कॉलेज में पढ़ाई कर रही है।
अपने भविष्य की योजनाओं को लेकर निहारिका के सपने काफी बड़े हैं। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता को वह अपने आगामी सफर की प्रेरणा मानती है। भविष्य में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उसका लक्ष्य है। इसके साथ ही वह अपने राज्य, उत्तर बंगाल की संस्कृति और राजवंशी समुदाय की परंपरा एवं पहचान को देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिलाना चाहती है।
बेटी की इस उपलब्धि से मां तापसी बर्मन भी बेहद खुश हैं। उनके लिए फिलहाल बेटी के सपनों को पूरा करना ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
एक ओर पिता देश की सीमाओं की रक्षा में जुटे हैं, तो दूसरी ओर बेटी राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा से देश और उत्तर बंगाल का नाम रोशन कर रही है। एक ही परिवार की ये दो उपलब्धियां आज कई लोगों के लिए प्रेरणा बन रही हैं।





