सिलीगुड़ी, 14 नवंबर (नि.सं.)। बाल दिवस के अवसर पर सिलीगुड़ी महिला थाने की ओर से बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी रचनात्मकता और छिपी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
सिलीगुड़ी महिला थाना परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में चित्रकला, नृत्य और कविता पाठ की तीन अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। किसी ने रंगों के माध्यम से अपनी कल्पनाओं को कागज पर उकेरा, तो किसी ने नृत्य और कविता पाठ की प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन महिला थाना की ओसी विमला कार्की छेत्री के नेतृत्व में किया गया। इसमें थाने के अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सहयोग किया। पुलिस का उद्देश्य बच्चों को प्रोत्साहित करने के साथ उनके बीच खुशियां बांटना और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना था।
प्रतियोगिता के समापन पर विभिन्न श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। खास बात यह रही कि कार्यक्रम में शामिल किसी भी बच्चे को खाली हाथ नहीं लौटना पड़ा। सभी प्रतिभागियों को केक, चिप्स, बिस्कुट, चॉकलेट, रंगीन पेंसिल समेत कई उपहार दिए गए।




