सिलीगुड़ी, 14 नवंबर (नि.सं.)। छठ पूजा को लेकर सिलीगुड़ी शहर के विभिन्न घाटों पर चल रही तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने शनिवार सुबह सिलीगुड़ी के विधायक एवं राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लालमोहन मौलिक घाट का निरीक्षण किया। उनके साथ सिलीगुड़ी नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने छठ पूजा के आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही जिन स्थानों पर अतिरिक्त तैयारियों की आवश्यकता है, उन्हें लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली।
निरीक्षण के बाद मंत्री शंकर घोष ने कहा कि छठ पूजा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष सिलीगुड़ी शहर में आयोजित होने वाले सभी छठ पूजा कार्यक्रमों का एक विस्तृत डेटाबेस तैयार किया जाएगा। इसके तहत शहर के विभिन्न इलाकों में छठ पूजा के आयोजन स्थलों से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी।
वहीं, मंत्री ने पूजा आयोजकों को डीजे और तेज आवाज वाले पटाखों के इस्तेमाल को लेकर सख्त चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ पूजा के नाम पर डीजे और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों का इस्तेमाल किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





