सिलीगुड़ी, 13 नवंबर (नि.सं.)। छठ पूजा को लेकर सिलीगुड़ी के संतोषीनगर एक नंबर छठ घाट पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। घाट को सजाने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आयोजक विशेष इंतजाम कर रहे हैं।
इस वर्ष छठ पूजा का मुख्य आकर्षण मुंबई से आने वाले संगीत कलाकार होंगे। छठ पूजा की रात कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों का दावा है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार तैयारियों और आयोजन में किसी तरह की बाधा नहीं आई है। श्रद्धालुओं की पूजा को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए कई नई व्यवस्थाएं की गई हैं। इस बार घाट पर पुरोहितों की व्यवस्था रहेगी, जिनके मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालु पूजा संपन्न कर सकेंगे। इसके अलावा दूध अर्पित करने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि पूजा के दौरान किसी को परेशानी न हो।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस प्रशासन के साथ-साथ पूजा कमेटी की ओर से अपने निजी सुरक्षा कर्मियों की भी तैनाती की जाएगी।
वहीं, छठ घाट बेचने और श्रद्धालुओं से अतिरिक्त पैसे वसूलने की शिकायतों पर संतोषीनगर एक नंबर छठ पूजा कमेटी के आयोजकों ने स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने लोगों से ऐसी खबरों और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। कमेटी का दावा है कि उसकी ओर से किसी भी श्रद्धालु से अतिरिक्त पैसे नहीं लिए जा रहे हैं। आयोजकों ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति कमेटी के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो इसकी जानकारी सीधे पूजा कमेटी को दें।





