सिलीगुड़ी, 13 नवंबर (नि.सं.)। राजस्थान के शाही महल की तर्ज पर इस बार सिलीगुड़ी के आलिंगन का जगद्धात्री पूजा पंडाल सजाया जा रहा है। पूजा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस वर्ष पूजा समिति अपने 17वें वर्ष में प्रवेश कर रही है।
शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में पूजा कमेटी के सचिव शंकर दे ने इस वर्ष की पूजा की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार पूजा का मुख्य आकर्षण राजस्थान के एक भव्य शाही महल की तर्ज पर तैयार किया जा रहा पंडाल होगा। पंडाल सजावट से लेकर रोशनी और प्रतिमा निर्माण तक सभी कार्यों में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी गई है।
इसके साथ ही कई सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले का आयोजन होगा। पूजा का कुल बजट करीब 20 लाख रुपये रखा गया है।
आयोजकों का कहना है कि स्थानीय कलाकारों की कला को मंच देने और उन्हें काम का अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हर साल पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इसे देखते हुए इस बार भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि इस वर्ष भी आलिंगन की जगद्धात्री पूजा शहरवासियों और श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी।




