सिलीगुड़ी, 10 नवंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के इस्कॉन मंदिर में गोवर्धन पूजा पूरे धूमधाम और धार्मिक उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और विशेष अन्नकूट महाभोग के आयोजन के साथ उत्सव संपन्न हुआ।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने वृंदावन वासियों को इंद्रदेव के बजाय गोवर्धन पर्वत की पूजा करने की सलाह दी थी। इससे क्रोधित होकर इंद्रदेव ने मूसलाधार बारिश और तूफान शुरू कर दिया। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठ उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर लगातार सात दिनों तक ब्रजवासियों और उनके पशुओं की रक्षा की थी।
इसी पौराणिक प्रसंग की याद में गोवर्धन पूजा के दिन श्रद्धालु गोवर्धन पर्वत की प्रतीकात्मक आकृति बनाकर पूजा करते हैं और भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट महाभोग अर्पित करते हैं।
सिलीगुड़ी इस्कॉन मंदिर में भी इस अवसर पर भक्तों के बीच विशेष उत्साह और उल्लास देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया।




