सिलीगुड़ी, 10 नवंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में जमीन विवाद को लेकर घर पर हमला करने, परिवार की महिलाओं के साथ मारपीट करने तथा सोने के गहने और नकदी लूटने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस मामले में भाजपा की महिला नेत्री मामूनी दास और उनके समर्थकों पर आरोप लगाया गया है। घटना एनजेपी थाना क्षेत्र के फूलबाड़ी-2 नंबर ग्राम पंचायत अंतर्गत पश्चिम धनतला की है।
इस संबंध में पीड़ित अनवर इस्लाम ने मामूनी दास समेत कुल 16 नामजद लोगों और 100 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ एनजेपी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, पश्चिम धनतला में जिस जमीन पर वह अपने परिवार के साथ रहते हैं, उसे लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। मामले के समाधान के लिए उन्होंने विधायक शिखा चटर्जी समेत भाजपा के कई नेताओं से मुलाकात की थी। इसके अलावा भाजपा महिला मोर्चा की जलपाईगुड़ी जिला नेत्री अनिंदिता राय दास को भी मामले से अवगत कराया गया था। आरोप है कि उन्होंने विवाद सुलझाने की जिम्मेदारी ली थी, लेकिन इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई।
अनवर इस्लाम का आरोप है कि गत 6 नवंबर को अचानक 100 से अधिक लोगों का एक समूह उनके घर के सामने पहुंचा और जबरन घर में घुसकर परिवार की महिलाओं तथा बुजुर्ग सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान घर में तोड़फोड़ करने के साथ नकदी, सोने के गहने और अन्य कीमती सामान भी लूट लिए गए। इतना ही नहीं, घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी खोलकर ले जाने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एनजेपी थाने की पुलिस ने पीड़ित के घर के सामने सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
दूसरी ओर, आरोपों को लेकर भाजपा नेत्री मामूनी दास से संपर्क किए जाने पर उन्होंने इस संबंध में कोई भी बयान देने से इनकार कर दिया है।





