सिलीगुड़ी, 7 नवंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले सात दिनों में 6 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। इस दौरान मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त होने के आरोप में 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
दरअसल, सिलीगुड़ी शहर को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से मेट्रोपॉलिटन पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार अभियान चला रही है। पुलिस की एसओजी, डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी), खुफिया विभाग और विभिन्न थानों की टीमें मिलकर छोटे से लेकर बड़े नशा कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री और राज्य की मुख्यमंत्री की ओर से भी मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद पुलिस ने अभियान और तेज कर दिया है।
शनिवार को एयरव्यू मोड़ पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा ने बताया कि पिछले सात दिनों में मादक पदार्थों से जुड़े 10 मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान पुलिस ने 3 किलोग्राम से अधिक ब्राउन शुगर, 72 हजार प्रतिबंधित कैप्सूल और करीब 4 हजार प्रतिबंधित कफ सिरप की बोतलें जब्त की हैं। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 6 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। वहीं, दीपावली और काली पूजा को देखते हुए पुलिस ने जुआ के अड्डों के खिलाफ भी निगरानी बढ़ा दी है।
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि सिलीगुड़ी शहर में मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।




