सिलीगुड़ी, 7 नवंबर (नि.सं.)। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने सिलीगुड़ी में छात्र हुंकार महारैली का आह्वान किया है। आगामी 19 नवंबर को बाघाजतिन पार्क से एसडीओ कार्यालय तक इस महारैली का आयोजन किया जाएगा। शनिवार को सिलीगुड़ी स्थित संगठन कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में एबीवीपी के सदस्यों ने इसकी घोषणा की।
संगठन का दावा है कि उत्तर बंगाल के 12 सांगठनिक जिलों से करीब 10 हजार छात्र-छात्राएं इस महारैली में शामिल होंगे। केवल उत्तर बंगाल ही नहीं, बल्कि आने वाले दिनों में इस आंदोलन को दक्षिण बंगाल सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों तक फैलाने की योजना है।
एबीवीपी सदस्यों ने कहा कि भारतीय जेन-जी देश के हित में काम करेगी और भारत को बांग्लादेश या नेपाल जैसी स्थिति की ओर बढ़ने नहीं दिया जाएगा। उनका आरोप है कि जेन-जी आंदोलन के नाम पर विभिन्न राजनीतिक दल देश के अलग-अलग हिस्सों में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी और कॉकरोच जनता पार्टी सहित कई राजनीतिक संगठनों पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। संगठन ने विदेशी ताकतों के प्रभाव से भी देश में अराजकता फैलाने की कोशिश किए जाने का दावा किया।
इन सभी मुद्दों के विरोध में छात्र-छात्राओं को एकजुट कर आंदोलन करने का निर्णय लिया गया है। संगठन के अनुसार, 19 नवंबर की महारैली के जरिए इस विरोध को और तेज किया जाएगा।




