मिली जानकारी के अनुसार, बच्ची पिछले करीब एक सप्ताह से पेट दर्द की शिकायत कर रही थी और बीच-बीच में रोने लगती थी। मां द्वारा पूछताछ करने पर बच्ची ने एक व्यक्ति का जिक्र किया। बताया जाता है कि 4 नवंबर को मां के साथ बाजार जाते समय बच्ची की नजर उक्त व्यक्ति पर पड़ी। उसे देखते ही बच्ची रोने लगी और मां से लिपट गई। बच्ची के इस व्यवहार से मां का संदेह और गहरा हो गया।
आरोप है कि अगले दिन रात को बच्ची की मां ने आरोपी योगेश राय से इस संबंध में पूछताछ की। बच्ची की शारीरिक परेशानी और उसके द्वारा बताई गई बातों को लेकर सवाल करने पर आरोपी ने चिल्लाना शुरू कर दिया। इसी दौरान उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने शिकायतकर्ता महिला और उसकी बच्ची को धक्का दे दिया। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसके बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर एनजेपी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी योगेश राय को हिरासत में ले लिया।
इधर, घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा के डाबग्राम-फुलबाड़ी मंडल नंबर-3 युवा मोर्चा के अध्यक्ष श्यामल विश्वशर्मा भी थाने पहुंचे। उन्होंने घटना को बेहद घृणित बताते हुए कहा कि उन्हें पुलिस पर पूरा भरोसा है और पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
बच्ची की मां ने मामले की निष्पक्ष जांच, बच्ची की सुरक्षा और न्याय की मांग को लेकर पुलिस से गुहार लगाई है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।




