पुलिस सूत्रों के अनुसार, दीपावली और काली पूजा के मद्देनजर माटीगाड़ा थाना क्षेत्र के एक कमरे में जुए का अड्डा चलाया जा रहा था। इसकी गुप्त सूचना मिलने के बाद डीडी की टीम ने बीती रात छापेमारी की और मौके से 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरसुंदर राई (42), उकिल साइबो (35), प्रवेश छेत्री (45), संतोष महाली (44), विजय साइबो (39), रजत साइबो (25), आनंद साइबो (31), भरत साइबो (35), राजू कुमार गुप्ता (42), बाबिन गुरुंग (50) और राजू साइबो (52) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से 500 रुपये के 490 नोट यानी कुल 2 लाख 45 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। इसके अलावा ताश के पत्ते भी बरामद किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि दीपावली और काली पूजा के दौरान शहर और आसपास के इलाकों में जुए के अड्डे सक्रिय होने की आशंका रहती है। ऐसे में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत डीडी को यह सफलता मिली है। गिरफ्तार सभी 11 आरोपियों को आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




