सिलीगुड़ी, 7 नवंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के ट्रैफिक विभाग ने मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। इसी क्रम में शुक्रवार को एयरव्यू मोड़ पर आयोजित एक कार्यक्रम में राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने पुलिस द्वारा जब्त किए गए 209 मॉडिफाइड साइलेंसर पर रोड रोलर चलाकर उन्हें नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई के जरिए मंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि शहर में तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
दरअसल, सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस का ट्रैफिक विभाग पिछले कुछ समय से तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा था। इस दौरान विभिन्न स्थानों से करीब 209 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए थे। शनिवार को इन्हें सार्वजनिक रूप से नष्ट किया गया।
इस मौके पर पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने कहा कि मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज के कारण आम लोगों को काफी परेशानी होती है। विशेषकर अस्पतालों में भर्ती मरीजों, बुजुर्गों और राहगीरों को इसका सामना करना पड़ता है। इसके अलावा इससे ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया कि मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वाले बाइक चालकों के साथ-साथ इनकी बिक्री करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाए। शहर में ऐसे साइलेंसर बेचने वाली दुकानों पर पुलिस छापेमारी भी करेगी।
वहीं, पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा ने बताया कि ट्रैफिक विभाग ने पिछले कुछ समय में अभियान चलाकर 209 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए थे, जिन्हें शुक्रवार को नष्ट कर दिया गया। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि कम उम्र के बच्चों के हाथों में बाइक न सौंपें। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले बाइक चालकों और मॉडिफाइड साइलेंसर की बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




