सिलीगुड़ी, 10 नवंबर (नि.सं.)। सामाजिक पहचान और परंपरागत सीमाओं से परे भक्ति, आस्था और विश्वास की अनूठी मिसाल किन्नर समुदाय पेश कर रहा है। सिलीगुड़ी के बारीभाषा मदानी बाजार इलाके में किन्नर समुदाय की ओर से आयोजित काली पूजा इस वर्ष भी स्थानीय लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। समुदाय के सदस्य पिछले कई वर्षों से लगातार इस पूजा का आयोजन करते आ रहे हैं।
समुदाय के सदस्यों के लिए यह पूजा महज एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उनकी भावनाओं, आस्था और वर्षों पुरानी परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। हर साल अपनी सामर्थ्य के अनुसार मां की पूजा में कोई कमी नहीं छोड़ने का प्रयास किया जाता है।
समुदाय के सदस्यों का दृढ़ विश्वास है कि मां काली अत्यंत जागृत हैं और सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद पूरी करती हैं। उनका मानना है कि मां काली हमेशा उन्हें संकटों से बचाती हैं और मुश्किल परिस्थितियों से लड़ने की शक्ति तथा साहस प्रदान करती हैं।
हालांकि, इस पूजा की खासियत केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है। पूजा के अवसर पर समुदाय के सदस्य विभिन्न सामाजिक और जनसेवा से जुड़े कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। इस तरह यह आयोजन आस्था के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता का भी प्रतीक बन गया है।





