सिलीगुड़ी, 14 नवंबर (नि.सं.)। छठ महापर्व को लेकर सिलीगुड़ी के समरनगर स्थित गीता देवी छठ घाट का सूर्य मंदिर नए रूप में सजकर तैयार हो रहा है। महानंदा और महिषमारी नदी के बीच स्थित उत्तर बंगाल के इस एकमात्र सूर्य मंदिर में छठ पूजा को लेकर जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। घाट की साफ-सफाई, मंदिर की रंगाई-पुताई, पंडाल निर्माण और आकर्षक रोशनी की व्यवस्था तेजी से की जा रही है।
15 और 16 नवंबर को छठ पूजा के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष रमेश साह ने बताया कि इस वर्ष करीब 150 व्रती इस घाट पर भगवान सूर्य की आराधना करेंगे। पूजा के दौरान यज्ञ और प्रसाद वितरण के साथ जरूरतमंदों के बीच गर्म कपड़े एवं कंबल भी वितरित किए जाएंगे।
गौरतलब है कि वर्ष 1996 में इस घाट पर पहली बार सूर्य मंदिर की स्थापना की गई थी। इसके बाद वर्ष 2014 में एसजेडीए की पहल पर मंदिर का पुनर्निर्माण कराया गया। वर्तमान में इस मंदिर में केवल सिलीगुड़ी ही नहीं, बल्कि दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार समेत पड़ोसी राज्य बिहार से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ पूजा करने पहुंचते हैं।
श्रद्धालुओं और व्रतियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। छठ महापर्व से पहले मंदिर परिसर में तैयारियों को अंतिम रूप देने में मंदिर कमेटी के सदस्य जुटे हुए हैं।





